V India News

Web News Channel

पीएम मोदी की अपील का असर, MP ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ई-स्कूटी से पहुंचे मंत्रालय!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल की बचत और संयमित उपयोग की अपील का असर अब मध्यप्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इलेक्ट्रिक स्कूटी से मंत्रालय पहुंचकर अलग पहल की। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने भोपाल स्थित शासकीय निवास शिवाजी नगर से ई-स्कूटी चलाकर मंत्रालय पहुंचे। इस दौरान वे राजधानी की सड़कों पर भी इलेक्ट्रिक वाहन से सफर करते नजर आए। मंत्री के इस कदम को प्रधानमंत्री की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि सभी लोगों को पेट्रोल और डीजल का उपयोग जरूरत के अनुसार ही करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से न सिर्फ ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। साथ ही विदेशों से ईंधन आयात पर निर्भरता कम करने में भी यह कदम उपयोगी साबित हो सकता है।

प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान भी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन का उपयोग करने का प्रयास करेंगे। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधियों को खुद उदाहरण पेश करना चाहिए, ताकि आम लोग भी वैकल्पिक ऊर्जा और ई-वाहनों की ओर बढ़ें। हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील की थी। इसके बाद प्रदेश में नेताओं के अलग-अलग तरीके सामने आ रहे हैं। कोई बड़े काफिले के साथ दिखाई दिया तो कोई ई-वाहन से सादगी और ईंधन बचत का संदेश देता नजर आया।