पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर राज्य में भारतीय जनता पार्टी की पहली सरकार का नेतृत्व संभाल लिया। राजधानी कोलकाता में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद मोहन यादव ने शुभेंदु अधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में आज से सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए दौर की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य विकास, निवेश और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और बंगाल की जनता को भी इस राजनीतिक बदलाव के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बंगाल देश के विकास में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है, लेकिन पिछली सरकारों की नीतियों के कारण राज्य अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया। अब राज्य विकास और नई राजनीति की दिशा में कदम बढ़ाएगा।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नई सरकार के गठन को ऐतिहासिक बताते हुए सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि 9 मई 2026 का दिन देश के राजनीतिक इतिहास में महत्वपूर्ण अवसर के रूप में याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बनना गौरव का विषय रहा।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का गठन राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। नई सरकार से राज्य में प्रशासनिक बदलाव, निवेश और कानून व्यवस्था को लेकर बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं।

More Stories
दिग्विजय के बयान से एमपी की सियासत गरमाई, बीजेपी-कांग्रेस आमने-सामने!
मोहन यादव का दिखा अनोखा अंदाज, ट्रॉली पर चढ़कर किसानों से जाना उनका हाल!
छतरपुर में कांग्रेस के पुतला दहन प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा, कई कार्यकर्ता झुलसे!