V India News

Web News Channel

जबलपुर में महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी, दुष्कर्म और हत्या की आशंका पर भड़का आक्रोश!

मध्य प्रदेश के जबलपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। घमापुर थाना क्षेत्र में घरेलू काम करने वाली 38 वर्षीय महिला आरती चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने महिला के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक, आरती चौधरी रोज की तरह काम पर गई थीं। वह कोरी मोहल्ला स्थित अतुल कोरी के घर खाना बनाने पहुंची थीं। परिजनों का आरोप है कि घर में आरोपी की मां मौजूद नहीं थी और इसी दौरान महिला के साथ दरिंदगी की गई। विरोध करने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गया।

जब महिला का शव मिला तो उसकी हालत देखकर परिजन और स्थानीय लोग सन्न रह गए। परिवार का आरोप है कि महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दावा किया कि मृतका की आंखों और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, दांत टूटे हुए थे और कपड़े अस्त-व्यस्त हालत में मिले। इसी आधार पर परिजन सामूहिक दुष्कर्म की आशंका भी जता रहे हैं।

घटना के बाद घमापुर थाने के सामने बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर मामले को दबाने और कार्रवाई में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।

मृतका मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थी। उसके परिवार में पति और एक छोटा बच्चा है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बढ़ते तनाव को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। मामले में सीएसपी मधुर पटेरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।