इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को फिलहाल टाल दिया गया है। कार्यक्रम पहले 8 से 12 सितंबर के बीच नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाना था, लेकिन अब इसे 19 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम में अड़ंगा डाल रही है।
हालांकि नगर निगम प्रशासन ने अनुमति नहीं देने के पीछे नियमों और हाई कोर्ट के आदेश का हवाला दिया है। नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने कहा कि नेहरू स्टेडियम खेल गतिविधियों के साथ ही गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के आधिकारिक समारोहों के लिए आरक्षित है। स्टेडियम के उपयोग को लेकर हाई कोर्ट का आदेश भी प्रभावी है।
कमिश्नर के मुताबिक ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रम के आयोजन पर कोई भी निर्णय नगर निगम के नियमों और हाई कोर्ट के संबंधित निर्देशों की समीक्षा के बाद ही लिया जा सकता है। कांग्रेस ने 12 सितंबर को नेहरू स्टेडियम में राहुल गांधी का कार्यक्रम कराने की तैयारी की थी, लेकिन प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया।
AICC जारी करेगी नया शेड्यूल
मामले को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम इंदौर में ही होगा। उन्होंने बताया कि AICC जल्द ही कार्यक्रम का नया शेड्यूल जारी करेगी और उसके अनुसार तैयारियां की जाएंगी।
सिंघार ने कहा कि कार्यक्रम में कांग्रेस के झंडे या बैनर नहीं होंगे। कांग्रेस इसे गैर-राजनीतिक कार्यक्रम बता रही है, जिसमें राहुल गांधी युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस के अनुसार बातचीत में पेपर लीक, परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और RSS से जुड़े लोगों की नियुक्ति जैसे मुद्दों से प्रभावित युवाओं की समस्याओं पर चर्चा होगी।
BJP-कांग्रेस में पत्रों के जरिए वार-पलटवार
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान भी तेज हो गई है। भाजपा के इंदौर शहर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम के लिए सुपर कॉरिडोर को उपयुक्त स्थान बताया है।
वहीं कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार जानबूझकर युवाओं की आवाज को दबाने और राहुल गांधी के कार्यक्रम को रोकने का प्रयास कर रही है। अब सभी की नजर AICC की ओर से जारी होने वाले नए कार्यक्रम और आयोजन स्थल पर है।

More Stories
दतिया उपचुनाव की हार पर सख्त एक्शन: जिला भाजपा की पूरी टीम भंग!
इंदौर: भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, सुमित मिश्रा बोले- ‘शहर कांग्रेस का हाल बेहाल’
मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 24 जिलों में नई जिलाध्यक्षों की नियुक्ति