रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बुधवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार में यात्री बस और बल्कर ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
सीधी जा रही थी यात्री बस
जानकारी के अनुसार यात्री बस रीवा से सीधी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बदवार के पास सामने से आ रहे बल्कर ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गए। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में भी मदद की।
जेसीबी की मदद से चलाया गया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरन सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
5 की मौत, 20 घायल
जिला कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने हादसे में 5 लोगों की मौत की पुष्टि की है। करीब 20 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
CM ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 1 लाख देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

More Stories
बलराम जयंती पर किसानों को बड़ी सौगात, दिन में 10 घंटे मिलेगी बिजली: सीएम मोहन यादव
रील के चक्कर में कार पर 3400 किस, 55 लाख व्यूज के बाद 5500 का चालान
1.20 लाख की रिश्वत का आरोप, तत्कालीन क्राइम ब्रांच टीआई समेत चार पर केस!