उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को बाबा महाकाल का अद्भुत और मनोहारी श्रृंगार किया गया। भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर तड़के 3 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भस्म आरती की विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई। इस दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक कर उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजाया गया। दिव्य दर्शन होते ही मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा।
भस्म आरती के दौरान पंडे-पुजारियों ने सबसे पहले गर्भगृह में स्थापित भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। इसके बाद बाबा महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से तैयार पंचामृत से ज्योतिर्लिंग का अभिषेक किया गया। पूजन की विभिन्न विधियां पूरी होने के बाद बाबा महाकाल को हरि ओम का जल अर्पित किया गया और कपूर आरती की गई।
इसके बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंड माला धारण कराई गई। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रृंगार में विशेष रूप से वैष्णव तिलक और मोर पंख का प्रयोग किया गया, जिससे बाबा महाकाल का स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण की छवि में नजर आया। यह मनोहारी रूप देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
श्रृंगार के बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। भस्म अर्पण के बाद कपूर आरती कर भगवान को भोग लगाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल हुए और बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी के कारण बाबा महाकाल का विशेष श्रीकृष्ण स्वरूप में श्रृंगार किया गया था। श्रद्धालुओं में इस विशेष दर्शन को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। भस्म आरती के दौरान भक्त बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए और लगातार जय श्री महाकाल तथा जय श्री कृष्ण के उद्घोष करते रहे।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भस्म आरती के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर बाबा महाकाल का श्रीकृष्ण स्वरूप में किया गया यह विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

More Stories
उज्जैन में स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस
महाकाल दर्शन को उज्जैन पहुंचे युवक की होटल में संदिग्ध मौत, दोस्त बिल चुकाकर फरार
घर के बाहर साइकिल चला रहे 10 साल के सौरभ को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, मौके पर मौत