उज्जैन। महाकाल के दर्शन के लिए गाजियाबाद से उज्जैन आए 38 वर्षीय युवक की होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ होटल में ठहरा था। दो दिन साथ रहने और शराब पीने के बाद दोस्त ने अचानक होटल का पूरा बिल चुकाया और वहां से चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कमरे से दुर्गंध आने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस अब घटना की हत्या समेत अन्य पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित न्यू कोटगांव निवासी मुकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक मुकेश 1 सितंबर को अपने दोस्त विनीत गोयल के साथ उज्जैन पहुंचा था। दोनों ने महाकाल लोक के नीलकंठ द्वार के सामने स्थित होटल टेम्पल व्यू में कमरा लिया था।
होटल कर्मचारियों के अनुसार दोनों युवक दो दिनों तक होटल में साथ रहे। इस दौरान उनके शराब पीने की भी जानकारी सामने आई है। 3 सितंबर को विनीत ने अचानक होटल का पूरा बिल चुकाया और बिना किसी को जानकारी दिए वहां से चला गया। इसके बाद वह होटल में वापस नहीं आया।
शुक्रवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर होटल प्रबंधन को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर अंदर मुकेश का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाकर जांच कराई।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के मुताबिक युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानकर जांच की जा रही है। पुलिस होटल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि विनीत के आने-जाने और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सके।
पुलिस ने विनीत गोयल की तलाश शुरू कर दी है। उसकी भूमिका और युवक की मौत के बीच संबंध का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर भेजी गई हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

More Stories
उज्जैन में स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस
जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
घर के बाहर साइकिल चला रहे 10 साल के सौरभ को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, मौके पर मौत