उज्जैन। माधवनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मामले का खुलासा किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को क्षेत्र में पैदल जुलूस के रूप में लेकर निकली। इस दौरान पुलिस द्वारा आरोपी के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा एक्टिवा (MP13DR0704) पार्श्वनाथ टावर, फ्रीगंज की पार्किंग में लॉक करके खड़ी थी। कुछ समय बाद लौटने पर स्कूटी वहां नहीं मिली। शिकायत के आधार पर माधवनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति मक्सी रोड स्थित जीरो पॉइंट ब्रिज के नीचे चोरी की स्कूटी लेकर खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विक्की उर्फ बलराम पिता संजय (30), निवासी गणेशपुरा, उज्जैन के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की बिना नंबर की होंडा एक्टिवा बरामद की। इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर वाहन चोरी का निकला। स्कूटी की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने पार्श्वनाथ टावर की पार्किंग से स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2014 से 2020 के बीच माधवनगर थाने में 15 अपराध दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी गजेंद्र पचौरिया सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके पुराने आपराधिक मामलों और अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

More Stories
महाकाल दर्शन को उज्जैन पहुंचे युवक की होटल में संदिग्ध मौत, दोस्त बिल चुकाकर फरार
जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण स्वरूप में सजे बाबा महाकाल, भस्म आरती में उमड़ा आस्था का सैलाब
घर के बाहर साइकिल चला रहे 10 साल के सौरभ को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा, मौके पर मौत