V India News

Web News Channel

कन्या भोज के लिए बुलाईं 7 बच्चियां, चोरी का आरोप लगाकर पीटा और कमरे में किया बंद

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में कन्या भोज के नाम पर बच्चियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। एमआईजी थाना क्षेत्र की शहनाई रेसिडेंसी में रहने वाली एक सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षिका पर आरोप है कि उन्होंने अपने घर पर कन्या भोज के लिए बुलाई गई सात बच्चियों पर चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर बच्चियों को मुक्त कराया। फिलहाल आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

भोज के बाद चोरी का आरोप लगाकर रोका

पुलिस के अनुसार, शहनाई रेसिडेंसी निवासी रिटायर्ड शिक्षिका अनीता मेहता ने इलाके में रहने वाली सात बच्चियों को कन्या भोज के लिए अपने घर बुलाया था। बच्चियां भोजन करने के बाद जब वापस जाने लगीं, तभी महिला ने कथित तौर पर घर में चोरी होने की बात कहकर उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि महिला ने बच्चियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी ली। बच्चियों ने चोरी करने से इनकार किया तो उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया गया।

शोर मचाने पर धमकाने का आरोप

बताया जा रहा है कि बच्चियों ने जब शोर मचाया तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। काफी देर तक बच्चियों के घर नहीं लौटने पर उनके परिजन तलाश करते हुए महिला के घर पहुंचे। वहां बच्चियों को कमरे में बंद देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर एमआईजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों को बाहर निकालकर उनके बयान दर्ज किए। परिजनों की शिकायत और बच्चियों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने अनीता मेहता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह के मुताबिक, बच्चियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें कन्या भोज के लिए बुलाया गया था, लेकिन भोजन के बाद जाते समय चोरी का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में बच्चियों के साथ हुई कथित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।