V India News

Web News Channel

उज्जैन में सनसनी: पहले कार से महिला-नवजात को मारी टक्कर, फिर अस्पताल में घुसकर हमला

उज्जैन. जिले के महिदपुर क्षेत्र में रविवार रात हुई एक घटना सनसनी फैला दी है. एक मामूली सड़क हादसा कुछ ही मिनटों में हिंसक विवाद में बदल गया, जिसमें एक महिला और उसका सात दिन का नवजात भी चपेट में आ गए. रामपुर नर्सिंग होम के बाहर हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया, क्योंकि यहां एक तरफ मासूम की जिंदगी दांव पर थी, तो दूसरी तरफ आरोपियों की दबंगई खुलकर सामने आई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार बाइक ने महिला और नवजात को जोरदार टक्कर मारी, जिससे सब सड़क पर गिर पड़े. बाइक सवार को वहां महिला के साथ खड़े लोगों ने पीट दिया.
इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने नवजात और उसकी मां को अस्‍पताल भेजा. गुस्साए परिजनों ने बाइक चालक को जमकर पीटा और फिर वहां से भगा दिया. इसके बाद मामला शांत होता दिखा, लेकिन कुछ ही देर में आरोपी बाइक सवार अपने साथियों के साथ लौट आया और अस्पताल के बाहर हमला कर दिया. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें पहले लापरवाही और फिर खुलेआम गुंडागर्दी साफ नजर आ रही है. पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
हादसे से शुरू हुआ विवाद
रविवार रात महिला अपने नवजात के साथ अस्पताल के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि महिला और बच्चा सड़क पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया. परिजनों ने बाइक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी. कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला. कुछ देर बाद आरोपी अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ वापस आया. इस बार उसने सीधे महिला के पति पर हमला कर दिया. अस्पताल परिसर के बाहर फिर से अफरा-तफरी मच गई.
CCTV में कैद पूरी वारदात
पूरी घटना अस्पताल के बाहर लगे कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में बाइक की तेज रफ्तार, टक्कर और बाद में हुआ हमला साफ नजर आता है. यह फुटेज अब जांच का अहम हिस्सा बन चुका है. महिदपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है.