पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन के बाद दिल्ली स्थित पार्टीमुख्यालय में जश्न का माहौल है। भाजपा पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनाने जा रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे ‘परफॉर्मेंस की पॉलिटिक्स’ की जीत बताया।
‘नागरिक देवो भव’ और गंगा का आशीर्वाद
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ‘मां गंगा’ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि आज गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक ‘कमल’ खिल गया है। उन्होंने रेखांकित किया कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के बाद अब पश्चिम बंगाल की जीत के साथ गंगा किनारे बसे सभी प्रमुख राज्यों में भाजपा-NDA की सरकारें हैं। पीएम ने कहा, “हमारा मंत्र ‘नागरिक देवो भव’ है और जनता की इसी सेवा के कारण देश के 20 से ज्यादा राज्यों में आज हमारी सरकारें हैं।”
असम में हैट्रिक और पुडुचेरी का भरोसा
असम की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने लगातार तीसरी बार NDA पर भरोसा जताया है। उन्होंने विशेष रूप से टी-गार्डन क्षेत्रों में मिले भारी समर्थन का जिक्र किया और इसे मां कामाख्या का आशीर्वाद बताया। वहीं पुडुचेरी के लिए उन्होंने कहा कि जनता ने 2021 में दिए गए ‘बेस्ट पुडुचेरी’ के विजन पर अपनी मुहर लगा दी है।
लोकतंत्र की उजली तस्वीर और ऐतिहासिक वोटिंग
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में हुए 93% मतदान को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी मतदान के रिकॉर्ड बने हैं और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर है। पीएम ने गर्व से कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि वह ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ क्यों है।
सांगठनिक कुशलता और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन
पीएम मोदी ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह उनका पहला चुनाव था और उनकी सांगठनिक कुशलता विजय के लिए बहुमूल्य रही। संबोधन के दौरान पीएम ने नितिन नवीन को माला पहनाई, जबकि कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को मां कामाख्या की तस्वीर भेंट कर उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र, गुजरात, नगालैंड और त्रिपुरा के उपचुनावों में मिली जीत के साथ-साथ सुनेत्रा पवार की बड़ी जीत का भी विशेष उल्लेख किया और जनता का आभार जताया। उन्होंने अंत में कहा कि यह दिन देश के उज्जवल भविष्य की उद्घोषणा और एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना की जीत है।

More Stories
ऑटो डेबिट सिस्टम में बड़ा बदलाव, EMI कटने से पहले अब 24 घंटे पहले मिलेगा अलर्ट!
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों का एलान आज!
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में खाई में गिरी बस… सात लोगों की मौत, कई घायल!