मध्य प्रदेश के धार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. धामनोद वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुजरी की डेहरिया बस्ती में अचानक एक खूंखार तेंदुआ घुस आया. जंगल से भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचे इस तेंदुए ने ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक महिला सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इस अप्रत्याशित घटना से पूरे गांव में भारी दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है.
तेंदुए के हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने बस्ती में प्रवेश करते ही वहां मौजूद लोगों पर झपट्टा मारना शुरू कर दिया. इस खौफनाक हमले में महेश वास्केल, ग्यारसी लाल सोलंकी, कांताबाई राठौड़ और बड़वेल निवासी विकास (पिता गोकुल डावर) बुरी तरह घायल हो गए. ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला. आनन-फानन में सभी घायलों को तुरंत गुजरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका सघन उपचार जारी है.
वन विभाग और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गई. फॉरेस्ट विभाग के अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में लेने और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. वन अमला इलाके की सघन तलाशी ले रहा है. हालांकि, बताया जा रहा है कि तेंदुआ अभी भी बस्ती के आसपास की घनी झाड़ियों या खेतों में ही कहीं छिपा हुआ है.
प्रशासन का अलर्ट: घरों में ही सुरक्षित रहें ग्रामीण
तेंदुए की संभावित मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है. प्रशासन ने मुनादी करवाकर सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें. लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अनावश्यक रूप से अपने घरों से बाहर बिल्कुल न निकलें, बच्चों को सुरक्षित रखें और रात के समय खेतों की तरफ जाने से बचें. पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं.

More Stories
सतना में एक साथ एक कुत्ते ने करीब 40 लोगों को कटा, पूरे शहर में मचा हड़कंप!
Sheopur में BJP नेता नाराज़, पिता पर FIR को बताया फर्जी; SP से की शिकायत!
रतलाम; पटवारी की आत्महत्या से सनसनी: कमरे में मिले दो सुसाइड नोट, विभाग में हड़कंप!