V India News

Web News Channel

पुलिस की वर्दी पहनकर महिलाओं पर की अभद्र टिप्पणी, आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल!

बरेली (उत्तर प्रदेश) । थाना इज्जतनगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी कर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक वीडियो में बारात में डांस कर रही महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और स्वयं को पुलिस से जुड़ा बताने की कोशिश भी की थी।

आरोपी हसन खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें वह पुलिस के मोनोग्राम वाली जैकेट पहने हुए नजर आ रहा था। उसने एक शादी समारोह में डांस करती महिलाओं का वीडियो बनाकर उस पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।

वीडियो में आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस जैसी जैकेट पहने दिखाई दिया, जिससे मामला और गंभीर माना गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच में आरोपी की पहचान हसन पुत्र गुलफाम निवासी कंजादासपुर, थाना इज्जतनगर, जनपद बरेली के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ सुसंगत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ड्राइविंग का कार्य करता है और उसने मजाक में वीडियो पोस्ट किया था। आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की बात कही।

इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी या सोशल मीडिया पर गलत सामग्री पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।