राजस्थान के गोगामेड़ी में जाहरवीर बाबा के दर्शन कर घर लौट रहे बदायूं के श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सोमवार देर रात बागपत जिले में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक ही गांव के सात लोग शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक बदायूं जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के गांवों से करीब 100 से अधिक लोग चार पिकअप वाहनों में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी गए थे। दर्शन के बाद सभी वापस बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हो गया।
एक गांव के सात लोगों की मौत
हादसे में अलापुर क्षेत्र के अल्लापुर चमारी गांव के जयसिंह उर्फ साधू, उनकी पत्नी मुन्नी देवी, प्रेम सिंह, भगवती पत्नी चित्रपाल, मूर्ति पत्नी थान सिंह, रामेश्वर और अवनीश की मौत हो गई।
इसके अलावा जरीफनगर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव निवासी नेमपाल के 12 वर्षीय बेटे जितेंद्र और बिनावर थाना क्षेत्र के रसूल गांव निवासी आनंद वीर के 17 वर्षीय बेटे मुनीम समेत अन्य लोगों की भी जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के गांवों में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कई श्रद्धालु घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे में मानसी, सुल्तानश्री, प्रेमवती, नेपाल, अनमोल, आनंद वीर, छत्रपाल, दिलीप, यादराम, खुशी, सोनी, प्रदीप, कुंवरपाल, महेशादेवी, अखिलेश, सिंधु, थान सिंह, राजेश्वर, कल्लो, अखिलेश पुत्र जगदीश और अरुण कुमार समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गांव पहुंचे एसडीएम, शवों को परिजनों को सौंपने की तैयारी
हादसे में 13 लोगों की मौत की सूचना के बाद एसडीएम सदर सई आश्रित शाकमुरी अल्लापुर चमारी गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से जानकारी ली।
एसडीएम ने बताया कि बागपत में हुए हादसे में बदायूं के 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें अल्लापुर चमारी गांव के सात लोग शामिल हैं। सभी श्रद्धालु राजस्थान के गोगामेड़ी में जाहरवीर बाबा के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे।
प्रशासन के मुताबिक मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन घायलों के उपचार और मृतकों के शव उनके घर पहुंचाने की प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है।

More Stories
मेरठ में सीएम योगी ने की कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा, गूंजा हर-हर महादेव!
राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता मामला: एसआईटी रिपोर्ट पर निर्णय का इंतजार, 24 जून को हाईकोर्ट में सुनवाई!
लखनऊ अग्निकांड: 15 लोगों की मौत, 4 अधिकारी निलंबित, 4 आरोपी गिरफ्तार!