V India News

Web News Channel

महाकाल मंदिर में आरती के दौरान पुजारी अचानक बेहोश, मंदिर में मचा हड़कंप

उज्जैन। बाबा महाकाल की राजसी सवारी लौटने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान चंद्रमौलेश्वर की आरती के दौरान पुजारी आशीष शर्मा अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना से मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल मंदिर के आकस्मिक चिकित्सा केंद्र पहुंचाया।

चिकित्सकों ने पुजारी आशीष शर्मा का ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांचा। दोनों सामान्य पाए गए। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।

दोपहर से सवारी की तैयारियों में जुटे थे

पुजारी संजय के मुताबिक, आशीष शर्मा दोपहर करीब एक बजे से ही बाबा महाकाल की सवारी की तैयारियों में लगे हुए थे। इसके बाद पूरी सवारी के दौरान वे पालकी के पास मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि सोमवार को सवारी के दौरान मंदिर और मार्ग पर भारी भीड़ रही। उमस भरे मौसम के बीच लंबे समय तक ड्यूटी में रहने के कारण आरती के दौरान उन्हें अचानक चक्कर आ गया और वे बेहोश हो गए। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से स्थिति संभल गई।