V India News

Web News Channel

जहरीली शराब से मौतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, डिप्टी सीएम का पुतला फूंका

उज्जैन। सागर में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के विरोध में कांग्रेस ने मंगलवार शाम उज्जैन में प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता क्षीरसागर चौराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश की आबकारी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को सागर शराबकांड के लिए जिम्मेदार ठहराया। नेताओं का आरोप था कि सरकारी तंत्र की लापरवाही और आबकारी व्यवस्था में खामियों के चलते जहरीली शराब का कारोबार लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने कहा कि सागर की घटना बेहद गंभीर है और सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा बताई जा रही मौतों की संख्या वास्तविक आंकड़े से कम हो सकती है। कांग्रेस ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। पार्टी ने मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई।

भाटी ने कहा कि जहरीली शराब का मामला केवल सागर तक सीमित नहीं है। उज्जैन में भी पूर्व में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की और शराब माफिया पर प्रभावी रोक नहीं लगाई, तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।