V India News

Web News Channel

बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नदी पार करते दिखे पटवारी, वीडियो वायरल होने के बाद उठे सवाल

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले की माटा ग्राम पंचायत से सामने आए एक वीडियो ने प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार सुबह से सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में माटा ग्राम पंचायत के पटवारी नीलेश नामदेव एक बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर छोटी नदी पार करते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि गांव में एक छोटी नदी के पार ही बुजुर्ग लालवा केवट का घर और जमीन स्थित है। नदी में पूरे साल कम या अधिक मात्रा में पानी रहने के कारण वहां तक पहुंचने में ग्रामीणों को परेशानी होती है।

फसल और घर को नुकसान की जांच के लिए पहुंचे थे पटवारी

जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले सर्दियों के दौरान लालवा केवट की फसल को भालू समेत अन्य जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। उनके घर को भी जंगली जानवरों द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई थी। इसी मामले में सर्वे करने के लिए पटवारी नीलेश नामदेव लालवा केवट के घर पहुंचे थे।

घर तक पहुंचने के रास्ते में छोटी नदी पड़ती है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि नदी पार करने के लिए पटवारी ने बुजुर्ग से मदद मांगी, जिसके बाद लालवा केवट ने उन्हें अपनी पीठ पर बैठाकर नदी पार कराई।

वीडियो ने खड़े किए सवाल

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पटवारी के नदी पार करने के इस तरीके को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पूरी वास्तविक स्थिति और इसके पीछे की परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

पटवारी नीलेश नामदेव का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। ऐसे में खबर लिखे जाने तक उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

कलेक्टर ने दिए जांच के संकेत

मामले को लेकर सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि वीडियो अभी वायरल हुआ है। शिकायत मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।