V India News

Web News Channel

महिला पर ब्लेड से हमला, गले से बहते खून के बीच मदद के लिए दौड़ी; ट्रैफिक पुलिस ने बचाई जान

इंदौर। पलासिया थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी महिला मित्र के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हालत में सड़क पर मदद के लिए दौड़ती रही। इसी दौरान वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों की नजर उस पर पड़ी। जवानों ने तत्काल उसकी मदद की और समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक, महिला का अपने परिचित से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह शिकायत दर्ज कराने के लिए महिला थाने जा रही थी। इसी दौरान थाने से कुछ दूरी पर आरोपी ने महिला के गले पर ब्लेड से वार कर दिया। हमले के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस जवानों ने तत्काल संभाला मोर्चा

घायल महिला को सड़क पर मदद के लिए दौड़ते देख ट्रैफिक पुलिस के आरक्षक सुमन्त सिंह कछावा, रवि मंडेलिया और वीरेंद्र भूरिया तत्काल उसके पास पहुंचे। जवानों ने बिना समय गंवाए रुमाल की मदद से महिला के गले पर पट्टी बांधी और ऑटो से उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने के बाद महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

हमले के बाद आरोपी ने खुद को भी किया घायल

महिला पर हमला करने के बाद आरोपी ने भी अपने गले पर ब्लेड से वार कर लिया। घटना के बाद आरक्षक रवि मंडेलिया और कृष्णा ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया। दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद की असली वजह और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।