V India News

Web News Channel

11 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, पड़ोसी ने गला रेतकर शव नीले ड्रम में छिपाया!

मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दिल दहला देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है. कोलगवां थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में एक सनकी शख्स ने 11 साल के मासूम बच्चे की हसिया से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी.

आरोपी मृतक की मां से जबरन शादी करना चाहता था. क्रूरता की हद पार करते हुए आरोपी ने वारदात के बाद बच्चे के शव को एक नीले ड्रम में छिपा दिया और घर के बाहर ताला जड़कर फरार हो गया. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है.

मां को मारने आया था, बच्चे की ले ली जान

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 11 वर्षीय शिवराज रजक के रूप में हुई है. वह मूल रूप से सभापुर थाना क्षेत्र के नयागांव का रहने वाला था और फिलहाल अपने माता-पिता के साथ सतना की बैंक कॉलोनी में संतोष विश्वकर्मा के मकान में किराए पर रह रहा था. पुलिस के मुताबिक, सतना बस स्टैंड का रहने वाला 45 वर्षीय आरोपी मथुरा रजक मृतक की मां पर बुरी नीयत रखता था और लंबे समय से जबरन शादी का दबाव बना रहा था.

दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी मथुरा महिला की हत्या करने के ही इरादे से उसके घर पहुंचा था. जब उसे घर पर महिला नहीं मिली, तो उसका गुस्सा मासूम शिवराज पर फूट पड़ा. उसने हसिया से बच्चे का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जुर्म छिपाने के लिए उसने शव को पास रखे एक नीले ड्रम में डाल दिया और कमरे का ताला लगाकर भाग निकला.

पैसे और मोबाइल भी छीने थे: मृतक की मां

मृतक शिवराज की मां और बहन ने बताया कि आरोपी मथुरा पिछले काफी समय से उन्हें परेशान कर रहा था. बीते दिन भी उसने महिला के साथ विवाद किया था और उसका मोबाइल व पैसे छीन लिए थे. महिला द्वारा लगातार शादी का विरोध किए जाने की वजह से ही उसने इस हृदयविदारक घटना को अंजाम दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश तेज

बंद कमरे और वारदात की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी शिवेश सिंह बघेल और कोलगवां थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने ताला तोड़कर नीले ड्रम से मासूम का शव बरामद किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. कोलगवां पुलिस ने आरोपी मथुरा रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.