भोपाल: लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पास नहीं होने के विरोध में भाजपा अब विपक्ष के महिला विरोधी होने का आरोप लगाकर अभियान शुरू कर रही है। इसके लिए संभागों में प्रेसवार्ता से शुरुआत हो गई है। अब जन आक्रोश रैली का आयोजन किया जा रहा है।
भोपाल में सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक महिला सशक्तिकरण सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम एमवीएम ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसमें भोपाल-नर्मदापुरम संभाग से करीब 15 से 20 हजार महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को देखते हुए शहर में बड़ी संख्या में बसें और चार पहिया वाहन पहुंचेंगे। प्रशासन के अनुसार करीब 350 बसें और 2500 चार पहिया वाहन कार्यक्रम स्थल तक आएंगे। इसी वजह से ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है और कई स्थानों पर विशेष पार्किंग की व्यवस्था बनाई गई है।
रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सीहोर और राजगढ़ जिलों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थान निर्धारित किए गए हैं। इन वाहनों को लाल परेड ग्राउंड के पास पार्क कराया जाएगा, जहां से महिलाएं कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगी। चार पहिया वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है, जैसे रविंद्र भवन और एमएलए रेस्ट हाउस परिसर। कार्यक्रम के दौरान सुबह 10 बजे के आसपास कंट्रोल रूम तिराहा से गांधी पार्क होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक के मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में आम लोगों से अपील की गई है कि वे इस मार्ग से गुजरने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।
पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

More Stories
रायसेन में दिखा शिवराज का अलग अंदाज, मंच से संचालक को रोका; बोले- जनता हमारे लिए भगवान है!
राज्यसभा चुनाव विवाद: दिग्विजय सिंह के बयान पर सियासी संग्राम, भाजपा ने उठाए कानूनी कार्रवाई के सवाल!
मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण पर कांग्रेस का चुनाव आयोग में विरोध, फैसले को बताया गैरकानूनी!