उज्जैन: गर्मी की छुट्टियों में नाना-नानी के घर आई खुशियां कुछ ही समय मे मातम में बदल गईं. परिजन और घर में खेलते कूदते बच्चों को क्या पता था कि घर में अनाज को सुरक्षित रखने के लिए रखा गया कीटनाशक उनकी जिंदगी छीन लेगा. मामला शहर के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के त्रिवेणी हिल्स कॉलोनी का है. यहां एक कमरे में सो रहे 5 बच्चों की तबीयत बिगड़ी और इनमें से 2 की मौत हो गई, 2 बच्चों का इलाज चल रहा है और 1 बच्चे को इंदौर रेफर किया गया है. घटना की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी मामले की जांच में जुटे हैं.
गेंहू में रखे कीटनाशक की गैस से 2 बच्चों की मौत, 3 का उपचार जारी
गर्मी की छुट्टियां बिताने अपने पिता के घर बच्चों के साथ पहुंची 2 बेटियों की जिंदगी में अचानक तूफान आ गया. बताया जा रहा है कि 3 भाई बहनों के बच्चे रात में सोते वक्त गेंहू में रखे कीटनाशक से बनी गैस की चपेट में आ गए. जिससे बच्चों की सुबह-सुबह उठने पर तबीयत बिगड़ी और 2 बच्चों की उपचार के दौरान बीते 2 दिनों में मौत हो गई.
मंगलवार को हुए इस घटना क्रम में 3 बच्चों का उपचार अभी भी जारी है. इनमें से 1 बच्चे को इंदौर रेफर किया है और 2 बच्चों का उज्जैन में इलाज चल रहा है. मामले की पुष्टि नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने की है. वहीं डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों को सांस में तकलीफ होने पर उपचार दिया जा रहा है. वहीं 2 बच्चों की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.
गर्मी की छुट्टियां मनाने पिता के घर पहुंची थीं 2 बेटियां
थाना नानाखेड़ा क्षेत्र में आने वाली त्रिवेणी हिल्स कॉलोनी में रहने वाले लालचंद प्रजापति के घर मंगलवार सुबह ये घटना हुई. स्कूली बच्चों की गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं. लालचंद प्रजापति की 2 बेटियां शाजापुर निवासी पूजा और कायथा निवासी रीना अपने बच्चों के साथ छुट्टियों में पिता के घर पहुंची थीं.
एक ही कमरे में सो रहे थे सभी भाई बहनों के 5 बच्चे
पूजा के 2 बच्चों में 5 साल की बेटी जिनिशा और एक बेटी डेढ़ महीने की त्रिशा है. रीना का 3 माह का बेटा रेहान और 4 साल की बेटी अनिका है. वहीं भाई नितेश की 3 साल की बेटी येशु है. ये सभी 5 बच्चे एक ही कमरे में सोमवार की रात सो रहे थे. इन बच्चों के साथ उनकी मां भी साथ सो रहीं थीं.
मंगलवार सुबह त्रिशा के मुंह से झाग निकलता देखा तो परिजन तुरंत सभी बच्चों को अस्पताल लेकर भागे. डेढ़ महीने की त्रिशा ने मंगलवार शाम को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं रीना की 4 साल की बेटी अनिका ने बुधवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. बाकी 3 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है. रेहान, जेनिशा, येशु का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जेनिशा को गंभीर अवस्था में इंदौर रेफर किया गया है. इसी कमरे में गेंहू रखे हुए थे और इस गेहूं में कीटनाशक रखा था और इसी से निकलने वाली गैस की चपेट में बच्चे आ गए.

More Stories
उज्जैन में अवैध मांस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार!
पटवारी पर उज्जैन लोकायुक्त का शिकंजा! 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
एमपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित… उज्जैन के छात्रों का दबदबा!