V India News

Web News Channel

बिहार से महाराष्ट्र जा रहे थे 167 मासूम, प्रशासन ने कटनी रेलवे स्टेशन पर उतारा, जानें मामला

कटनी: पटना-पुणे एक्सप्रेस से एक साथ 167 नाबालिग बच्चों को कटनी रेलवे स्टेशन पर उतारा गया. बच्चों से काम कराए जाने की आशंका पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को मिली सूचना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल सुरक्षा अधिकारी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. सभी बच्चों को ट्रेन से उतारकर सुरक्षा घेरे में लिया गया और जांच प्रक्रिया शुरू की गई.

बच्चों से काम कराने के लिए ले जाने की आशंका

बाल सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार ट्रेन से उतारे गए सभी बच्चे एक विशेष समुदाय के हैं, जो बिहार से महाराष्ट्र की ओर जा रहे थे. प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि उन्हें महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक मदरसे ले जाया जा रहा था. आरपीएफ को आशंका थी कि बच्चों को काम कराने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है. जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है.

सभी बच्चों को लाया गया आरपीएफ थाना

कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 167 बच्चों को ट्रेन से उतार लिया. बच्चों के साथ मौजूद 7 व्यक्तियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चों को किन परिस्थितियों में और किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था. सुरक्षा के मद्देनजर सभी बच्चों को आरपीएफ थाने लाया गया है, जहां उनकी काउंसलिंग, दस्तावेजों की जांच और पहचान की प्रक्रिया जारी है.

आरपीएफ की मदद से बच्चों का किया गया रेस्क्यू

महिला एवं बाल विकास विभाग और बाल संरक्षण टीम भी बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने हर पहलू की जांच शुरू कर दी है, ताकि मानव तस्करी जैसी आशंका को समय रहते रोका जा सके. इस मामले को लेकर आरपीएफ थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया “कुछ बच्चों को ट्रेन से रेस्क्यू किया गया है. मौके पर बाल कल्याण समिति के लोग मौजूद हैं, वे मामले की जांच कर रहे हैं.”