शिवपुरी : शादी के बाद खुशियों से भरी जिंदगी की शुरुआत करने निकला एक परिवार, कुछ ही पलों में मौत के काल में समा गया। सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं—इनमें नई-नवेली दुल्हन और दूल्हा भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मुर्गी दाना से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। ऑटो में बैठे दूल्हा-दुल्हन, मां और बहन ट्रक के नीचे दब गए। चीख-पुकार मच गई, लेकिन कुछ ही पलों में सब कुछ खत्म हो चुका था। आधे घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी से शवों को बाहर निकाला गया।
तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी 25 वर्षीय वीरेंद्र शाक्य की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी। मंदिर में सात फेरे लेकर दोनों ने नई जिंदगी की शुरुआत की थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शनिवार को दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार-मां, भाभी और बहन के साथ ऑटो में सवार होकर गांव लौट रहे थे। टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ऑटो कुछ देर के लिए रुका और यही ठहराव उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि देखने वालों की रूह कांप गई। मृतकों में अजेश पुत्र पीतम शाक्य (50) राजेश्वर पुत्र वीरेंद्र शाक्य (20) राजो पत्नी हरविलास शाक्य (35) वीरेंद्र पुत्र प्रीतम शाक्य (22) सभी निवासी गांव राजगढ़ तेंदुआ के बताए जा रहे हैं।

More Stories
जनसुनवाई में गरमाया माहौल: कलेक्टर और बिजली अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस!
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर होगी शुरू!
तिरुमला में केश दान का नया कीर्तिमान, 27 दिनों में 12.43 लाख श्रद्धालुओं ने अर्पित किए बाल!