आजकल परीक्षा में ऐसे सवाल पूछे जा रहे हैं, जो खुद सवालों के घेरे में आ जा रहे हैं, और इन सवालों से विवाद पैदा हो जाते हैं. कहीं ये विवाद बे- वजह होते हैं, तो कहीं विवाद सही और सवाल ही गलत हो जाते हैं. हालांकि, सवाल कोई गलत नहीं होते हैं, बल्कि उसके पूछने की जगह, वक़्त और लहजा गलत होता है, जिसकी वजह से विवाद पैदा हो जाता है?
मध्य प्रदेश के एक कॉलेज के एग्जाम में पूछा गया एक सवाल इस वक़्त विवादों में घिर गया है. इस सवाल से हिन्दू संगठन की भावनाएं आहत हो गई हैं.
दरअसल, रतलाम जिले के एक कॉमर्स कॉलेज में बीकॉम थर्ड ईयर के पेपर में एक सवाल पूछे जाने से विवाद पैदा हो गया है. पेपर में पूछा गया था कि’अल्लाह के सिवा दूसरा कोई नहीं है”. इसके चार विकल्प दिए गए थे, जिनमें सही कथन का चयन करना था. छात्र संगठन एबीवीपी ने इस सवाल पर कड़ी आपत्ति जताई है. संगठन का कहना है कि यह सवाल सिलेबस से है या नहीं, ये बड़ा सवाल है? परीक्षा में इस तरह के धार्मिक प्रश्नों को शामिल करना उचित नहीं है. कॉमर्स के पेपर में इस तरह के सवाल पूछा जाना कहीं से उचित नहीं लग रहा है.
हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने इस सवाल को लेकर चुप्पी साध ली है. इस जिम्मेदारी से अपना पल्ला झाड़ते हुए सिर्फ इतना कहा है कि प्रश्नपत्र विक्रम यूनिवर्सिटी उज्जैन से तैयार होकर आते हैं, इसलिए कॉलेज का इसमें कोई दखल नहीं होता है. कॉलेज ने कहा है कि वो इस मामले में विश्वविद्यालय को सूचित करेंगे.
इस मामले के सामने आने के बाद आम आदमी भी ये आशंका जाहिर कर रहा है कि कॉमर्स के पेपर में इस तरह के सवाल पूछा जाना जान-बूझकर विवाद पैदा करने की कोशिश तो नहीं है? लोग प्रश्नपत्र तैयार करने वालों की मंशा पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
गौरतलब है कि कुछ माह पहले दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया में सोशल वर्क के पेपर में ‘देश में मुसलमानों के शोषण और अत्याचार’ पर पूछे गए एक सवाल पर इतना विवाद पैदा हुआ था कि अंत में पेपर सेट करने वाले एक दलित प्रोफेसर को नौकरी से सस्पेंड करना पड़ गया. हालांकि, प्रोफेसर के इस सस्पेंशन पर देशभर में जामिया यूनिवर्सिटी प्रशासन की आलोचना की गई. ये दलील दी गई कि विषय के मुताबिक सवाल बहुत सटीक थे. इस सवाल में कोई गलती या कमी नहीं थी, बस ये सवाल पूछने का सही समय और सही जगह नहीं था!

More Stories
इंदौर में शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय एनेस्थीसिया सम्मेलन!
MP: भ्रष्टाचार के मामले में प्राचार्य व शिक्षक निलंबित, प्रशासन की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप!
आज 31 साल के हुए अनंत अंबानी, बागेश्वर धाम में हुआ भव्य अनुष्ठान!