V India News

Web News Channel

उज्जैन में गरोठ रोड पर हादसा! मिनी बस ने ट्रेक्टर ट्राली को मारी टक्कर एक की मौत!

उज्जैन-गरोठ नेशनल हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक हादसे ने उग्र रूप ले लिया। तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर आ रही एक मिनी बस ने गेहूं से लदे ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर खाई में जा गिरा और उसके नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से श्रद्धालुओं को लेकर महाकाल दर्शन के लिए आ रही मिनी बस (DL-01-VC-5919) ने तुलाहेड़ा टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर खाई में पलट गया। इस हादसे में ग्राम ब्राह्मणखेड़ा निवासी विजय सोलंकी (21) ट्रैक्टर के नीचे दब गया और करीब एक घंटे तक फंसा रहा। समय पर मदद नहीं मिलने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ सवार राजेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में गेहूं भरकर उज्जैन अनाज मंडी ले जाया जा रहा था। हादसे में ट्रैक्टर सवार राजेश शर्मा, बस चालक शिवकुमार (निवासी अमृतसर) और यात्री बॉबी व धर्मेंद्र कुमार (निवासी दिल्ली) घायल हुए। सभी घायलों को उज्जैन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

बस में लगा दी आग

युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने पहले बस पर पथराव किया, फिर उसे आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि बस में रखा यात्रियों का सामान और कपड़े जलकर पूरी तरह राख हो गए। हालांकि सभी यात्री पहले ही सुरक्षित बाहर निकल चुके थे। बाद में यात्रियों को दूसरे वाहनों के जरिए उज्जैन भेजा गया।

हाईवे पर किया चक्काजाम

घटना के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया और टोल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे की सूचना मिलते ही राघवी थाना प्रभारी काजल सिंह, घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल और पानबिहार चौकी प्रभारी जयंत डामोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच और टोल प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।