V India News

Web News Channel

होली पर बढ़ी गर्मी की तपिश, मार्च की शुरुआत में ही मध्यप्रदेश में पारा 37°C के पार!

मध्यप्रदेश में इस बार मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। होली के मौके पर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा असर इंदौर और उज्जैन संभाग में देखने को मिला। वहीं भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी होली के दिन तेज धूप ने लोगों को झुलसाया। प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और बारिश या बादलों की कोई स्थिति नहीं बनी, जिससे तापमान तेजी से ऊपर चढ़ा।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। मार्च के दूसरे सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 38 से 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

लू का असली इम्तिहान अप्रैल-मई में

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मार्च में लू चलने की संभावना कम है, लेकिन अप्रैल और मई में 15 से 20 दिन तक हीट वेव का असर रह सकता है। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो मार्च में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं, साथ ही हल्की बारिश के दौर भी आते हैं। इस बार भी मौसम कुछ ऐसा ही रुख दिखा रहा है, लेकिन तापमान की तेज बढ़ोतरी ने संकेत दे दिए हैं कि गर्मी इस बार जल्दी और तीखी पड़ सकती है।