V India News

Web News Channel

इंदौर-रीवा के बीच फ्लाइट शुरू, अब 2 घंटे में पूरा होगा 15 घंटे का सफर!

इंदौर से रीवा के बीच सोमवार 22 दिसंबर से इंडिगो एयरलाइंस की सीधी उड़ान सेवा सफलतापूर्वक शुरू हो गई है। पहले दिन यह उड़ान अपने निर्धारित समय से 45 मिनट की देरी से इंदौर एयरपोर्ट से रवाना हुई। जानकारी के अनुसार पहली फ्लाइट में इंदौर से 50 से अधिक यात्रियों ने सफर किया। इस सीधी सेवा के शुरू होने से अब इंदौर और रीवा के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी।

इंदौर से रीवा की यात्रा जो अब तक ट्रेन या बस के माध्यम से लगभग 15 घंटे में पूरी होती थी वह अब हवाई मार्ग से मात्र 1 घंटा 45 मिनट में तय की जा सकेगी। इस नई सेवा का सीधा लाभ विंध्य के आठ जिलों को मिलेगा। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से रीवा के लिए प्रतिदिन 70 सीटर विमान का संचालन किया जाएगा। इसका शुरुआती किराया लगभग 4700 रुपए रखा गया है।

इंडिगो एयरलाइंस की यह नियमित सेवा प्रतिदिन सुबह 11.30 बजे इंदौर से प्रस्थान करेगी और दोपहर 1.15 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में यह विमान दोपहर 1.35 बजे रीवा से इंदौर के लिए उड़ान भरेगा। उद्घाटन के अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपने 40 सदस्यीय दल के साथ रीवा पहुंचे। वहीं वापसी की फ्लाइट में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल 70 से अधिक यात्रियों के साथ रीवा से इंदौर के लिए रवाना हुए।

पर्यटन और विकास को मिलेगी गति

रीवा से इंदौर की यह हवाई सेवा विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नया आयाम देगी। इससे न केवल पर्यटन और व्यापार के अवसरों को मजबूती मिलेगी बल्कि इंदौर में रह रहे विंध्य के हजारों नागरिकों को भी सीधा लाभ होगा। इस कनेक्टिविटी के माध्यम से सतना, सीधी, शहडोल और मऊगंज जैसे क्षेत्रों के विद्यार्थियों और व्यापारियों को दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों के साथ-साथ विदेशों तक पहुंचना आसान होगा।

धार्मिक यात्रा का विशेष आयोजन

मंत्री विजयवर्गीय के साथ इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के 40 कार्यकर्ता भी इस पहली उड़ान का हिस्सा बने। यह दल रीवा पहुंचने के बाद चित्रकूट और मैहर की दो दिवसीय तीर्थयात्रा पर जाएगा। कार्यकर्ता 23 दिसंबर को मैहर में देवी दर्शन करने के उपरांत उसी रात विमान से वापस इंदौर लौटेंगे।

टिकट की विभिन्न श्रेणियां

इंडिगो ने इस रूट के लिए तीन श्रेणियों में बुकिंग शुरू की है। शुरुआती किराया लगभग 4700 रुपए रखा गया है। इसमें सेवर फेयर की कीमत 5,203 रुपए, फ्लेक्सी प्लस फेयर की 5,518 रुपए और सुपर 6E फेयर की कीमत 6,778 रुपए निर्धारित की गई है।

शेड्यूल…

प्रतिदिन सुबह 11.30 बजे इंदौर से दोपहर 1.15 बजे रीवा
1.35 बजे दोपहर रीवा से इंदौर के लिए उड़ान भरेगा