V India News

Web News Channel

गौ रक्षा के संकल्प को लेकर फिर सड़कों पर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती!

गोपाष्टमी पर्व के अवसर पर राजधानी भोपाल के दशहरा मैदान (अयोध्या बायपास) में बुधवार को गौभक्तों का विराट समागम हुआ। काफी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री मंत्री साध्वी उमा भारती ने गौपूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभा में कन्यापूजन और गौ स्तुति वाचन के साथ वातावरण धार्मिक और भावनात्मक हो उठा। इस मौके पर उमा भारती ने केंद्र और राज्य सरकारों के गौसंवर्धन और कृषि सुधार प्रयासों की सराहना की और कहा कि जब तक देश में गायों की रक्षा और गंगा का संरक्षण नहीं होगा, तब तक राम का कार्य अधूरा रहेगा। उमा भारती ने कहा कि “गाय केवल धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र की आर्थिक और पर्यावरणीय शक्ति का आधार है।

गौ माता भारत की नाभि

सभा को संबोधित करते हुए उमा भारती ने कहा कि गौ माता भारत की आत्मा है और मध्यप्रदेश भारत की नाभि है। आज हम भारत माता की आत्मा को बचाने का अभियान शुरू कर रहे हैं। गौ रक्षा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय कर्तव्य है। उमा भारती ने कहा है कि यह अभियान गोपाष्टमी से शुरू होकर पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।

शराबबंदी पर भी होगी चर्चा

कार्यक्रम में उमा भारती ने यह भी कहा कि शराबबंदी के मुद्दे पर जल्द ही एक आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं और समाज के हित में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध आवश्यक है। हालांकि, जब पत्रकारों ने उनसे आगामी चुनाव लड़ने को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से परहेज़ किया।

क्या बोलीं उमा भारती?

उमा भारती ने अपने संबोधन में कहा की मंत्री पिंजरे का शेर बन जाता है। मैंने शेर की तरह काम किए है। ना अपनी मर्जी से गई और ना आई। मैंने NDA में आने की बात कही थी। अशोक सिंघल के कहने में बीजेपी में आई। राजनाथ सिंह ने फोन कर चुनाव लड़ने के लिए कहा था। मंत्री बनने पर गंगा का काम किया। फिर मैंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। छुटभैया नेता मेरे साथ खड़े होने से डरते हैं। ऐसे सिर्फ नेता फोटो, सेल्फी लेते हैं। जैसा मेरे बारे में आपको लगता है, वैसा है नहीं, मेरा सभी आदर करते हैं। खुद पीएम मोदी ने मुझसे कहा कि 12 साल से आपको जानता हूं।

उमा भारती ने आगे कहा कि आपको अपमानित करने के लिए यहां गाय को काटा जाता है। गाय का दूध पीने से बच्चा मजबूत होता है। क्या आपने कभी शेर की बलि चढ़ते देखी है, कब तक आप बकरे बने रहोगे, तब तक बलि चढ़ती रहेगी? गौ संवर्धन से गाय बचेगी, किसान सम्मान निधि के साथ सभी किसानों को एक दूध देने वाली गाय देनी चाहिए। सजग हो जाओ नागरिकों, मोदी जी ने मौका दिया है।

मंत्री लोधी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गौ संवर्धन के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है और समाज को भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।