देवास जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। देवास में अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी और मार्शल आर्ट कोच रोहिणी कलम (35) ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। रोहिणी एक दिन पहले ही सीहोर जिले के आष्टा से अपने घर लौटी थीं। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
घर पर लगाई फांसी
मिली जानकारी के अनुसार, रोहिणी कलम आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के रूप में कार्यरत थीं। शनिवार को वे छुट्टी लेकर अपने घर आई थीं। परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह तक सब कुछ सामान्य था। उन्होंने परिवार के साथ बैठकर नाश्ता किया, लेकिन थोड़ी देर बाद किसी का फोन आने के बाद वे अपने कमरे में चली गईं। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो देखा कि रोहिणी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जीता था कांस्य पदक
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले रोहिणी के पेट में गठान का ऑपरेशन हुआ था। हालांकि, आत्महत्या का यह कारण है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बता दें कि रोहिणी कलम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने अबू धाबी में आयोजित जुजित्सु टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता था और प्रदेश के लिए गौरव बढ़ाया था। फिलहाल पुलिस कॉल रिकॉर्ड और व्यक्तिगत कारणों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर एक सफल खिलाड़ी ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

More Stories
यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में लगी आग, हादसे में 9 यात्रियों की मौत!
अफगानिस्तान पर भारत की रिकॉर्ड जीत, 127 रन से हराकर 3-0 से किया क्लीन स्वीप
सांसद अनिल फिरोजिया ने अमित शाह से की मुलाकात, अपनी पुस्तक ‘नए भारत के चाणक्य’ की पहली प्रति की भेंट