V India News

Web News Channel

कतर में फंसी उज्जैन की बहू मनीषा सकुशल लौटी!

कतर एयरवेज में सीनियर केबिन क्रू मेंबर मनीषा भटनागर की सकुशल स्वदेश वापसी हो गई। बुधवार को मनीषा कतर से इंडिया लौटी हैं। शाम को वे उज्जैन के अभिषेक नगर स्थित अपने घर पहुंचीं, जहां उनकी सास ने तिलक लगाकर स्वागत किया।

मनीषा ने बताया कि दो दिन पहले जब रात को वो अपने कमरे में थीं, तभी साथ काम करने वाले लोगों ने आकर बताया कि बिल्डिंग के ऊपर से मिसाइल जा रही है। कुछ देर बाद मिसाइल गिरने की आवाज से हम सहम गए थे। मैंने तुरंत अपने पति रजत को फोन लगाकर जानकारी दी। कुछ देर बाद पता चला कि ईरान ने कतर में अमेरिका के सैन्य बेस पर हमला किया है।

वह कतर में स्थित अमेरिका के सैन्य बेस पर ईरान के हमले की वजह से फंस गईं थी। उनकी वापसी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की थी।

कतर के दोहा में कैसे फंसीं उज्जैन की मनीषा?

मनीषा के पति रजत ने बताया, ” सोमवार रात 10:30 बजे मनीषा से बात हुई थी। तब मनीषा ने बताया कि इरान इजराइल युद्ध से माहौल काफी खराब हो गया है। ईरान ने वहां यूएस बेस पर मिसाइल दाग दी है और वे घबराई हुई थीं। बस इसी बात को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक उज्जैन भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से बात पहुंचाई और मनीषा की सुरक्षित वतन वापसी के लिए मैसेज पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया और मनीषा की सुरक्षित वापसी के लिए परिवार को आश्वस्त किया है।”

सूचना मिलते ही किया एम्बेसी को मेल

मनीषा के पति रजत ने यह भी कहा मुख्यमंत्री के अलावा इंडियन एम्बेसी, कतर एम्बेसी, पीएमओ, सीएमओ, एवियशन डीजीसीए को भी मैंने मनीषा की डिटैल के साथ मेल किया था, जिसमें मनीष की सभी जानकारी साझा की है। सीजफायर की न्यूज के बाद स्थिति कतर सीमा में सामान्य है। मंगलवार को भी मनीषा से संपर्क हुआ है, वहां अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने मनीषा के लिए गृहमंत्री से की बात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखा, ” उज्जैन निवासी श्री रजत भटनागर जी की पत्नी श्रीमती मनीषा जी दोहा, कतर में फंसी हुई हैं। इस प्रकरण में मैंने माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से सहयोग हेतु अनुरोध किया है। प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र सरकार के संपर्क में रहते हुए श्रीमती मनीषा जी की सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित करें।”