V India News

Web News Channel

राहुल गांधी की रैली में राजनीतिक भाषण बैन, कांग्रेस भड़की तो संशोधित आदेश हुआ जारी!

महू में 27 जनवरी को होने वाली कांग्रेस की सभा में राजनीतिक भाषण पर प्रतिबंध की शर्त को प्रशासन ने एक ही दिन में वापस ले लिया है। इस सभा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, वायनाड़ से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल होंगे।

दरअसल, प्रशासन ने शर्त रखी कि कार्यक्रम में कोई भी राजनीतिक और धर्म विरोधी भाषण प्रतिबंधित रहेगा। कांग्रेस की आपत्ति के बाद प्रशासन ने इसमें राजनीतिक शब्द हटा दिया। मतलब राजनीतिक भाषण तो हो पाएगा, लेकिन कांग्रेस नेता धर्म विरोधी भाषण नहीं दे पाएंगे।

27 जनवरी को महू के वेटरनरी महाविद्यालय के पास मैदान में होने वाली सभा के लिए इंदौर ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव ने प्रशासन से अनुमति मांगी थी 23 जनवरी को जारी अनुमति पत्र में प्रशासन ने शर्त में ‘कार्यक्रम में अनाउंसमेंट के दौरान कोई भी राजनैतिक व धर्मविरोधी भाषण प्रतिबंधित रहेंगे।’ बिंदु को भी शामिल किया था। अनुमति मिलते ही कांग्रेस नेताओं और आवेदनकर्ता सदाशिव यादव ने आपत्ति जताई।

जिसके बाद प्रशासन ने 24 जनवरी शुक्रवार देर शाम ही अनुमति पत्र में संशोधन कर दूसरा पत्र जारी किया। जिसमें राजनीतिक भाषण करने की अनुमति दी गई है। वहीं धर्मविरोधी भाषण प्रतिबंधित किया है।