मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने इंदौर रोड़ पर एमपी इंडस्ट्रीयल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के द्वारा 46 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले आईटी पार्क का भूमि पूजन किया गया. इस आईटी पार्क से 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा. मुख्यमंत्री के द्वारा सर्वप्रथम कन्या पूजन किया गया.
मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन उज्जैन के निवासियों के लिए और हम सबके लिए अत्यंत गौरव का क्षण है. यह एक अलग इतिहास बनकर स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा. उज्जैन जो अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर के लिए विश्व प्रसिद्ध है, अब तकनीकी युग में भी अपनी पहचान बनाएगा.
उज्जैन में प्राचीनकाल से ही विज्ञान, खगोलशास्त्र और गणित के विद्वान रहे हैं. हमारे देश में सबसे अधिक आबादी युवा वर्ग की है. इस मौके पर प्रभारी मंत्री गौतम टैटवाल, विधायक सतीश मालवीय, राज्यसभा सांसद उमेश नाथ महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल थे.
1000 लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन में आईटी पार्क के निर्माण के बाद प्रत्यक्ष रूप से 500 से अधिक स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और सहायक सेवाओं (केफे, परिवहन और आवास) के माध्यम से 1 हजार से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे. यह परियोजना उज्जैन को प्रदेश के प्रमुख आईटी गंतव्यों में शामिल करेगी जिससे निवेश में तेजी आएगी. स्थानीय युवाओं के लिए आईटी और तकनीकी नौकरियों में अवसर बढ़ेगे. पार्क में स्टार्टअप और छोटे उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा.
प्रथम फेस में उपलब्ध जगह से अधिक आए ईओआई
एमपीआईडीसी के श्री राजेश राठौर ने जानकारी दी कि आईटी पार्क के प्रथम फेस के अंतर्गत होने वाले निर्माण में जितनी भी जगह थी उससे डेढ़ गुना अधिक निवेशकों के द्वारा जगह के लिए ईओआई एक्सप्रेस ऑफ इंटरेस्ट प्राप्त हुए हैं. मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने निर्देश दिए कि आईटी पार्क का दूसरा फेस भी इसी के साथ प्रारंभ किया जाए.

More Stories
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग गंभीर घायल, गर्दन में चोट और आंख के ऊपर फ्रैक्चर
उज्ज्वला योजना में कथित फर्जीवाड़े के नाम पर रिश्वत, 20 हजार लेते एडीएम कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
28 दिन बाद भी FIR नहीं होने पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, पुलिस ने मजदूर चौराहे पर रोका