V India News

Web News Channel

राष्ट्रपति द्रौपती मुर्मु पहुंची उज्जैन; सफाई मित्र सम्मेलन में सफाई मित्रों को राष्टपति ने किया सम्मानित!

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु उज्जैन पहुंच गई हैं, वे यहां आने वाली देश की 10वीं राष्ट्रपति हैं। उनके पहले क्रमश: रामनाथ कोविन्द, प्रणब मुखर्जी, प्रतिभा पाटिल, केआर नारायणन, शंकरदयाल शर्मा, आर वेंकटरमन, ज्ञानी जेल सिंह, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और डा. राजेन्द्र प्रसाद उज्जैन आ चुके हैं।

आज वे उज्जैन पहुँचने के बाद सफाई मित्रों के सम्मान समारोह में शिरकत कर रहीं हैं। उज्जैन के होटल रुद्राक्ष में सफाई मित्र सम्मेलन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पांच सफाई मित्रों को सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रेसीडेंट को महाकाल लोक का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।

राष्ट्रपति ने कहा- मैंने अपनी जनसेवा की यात्रा स्वच्छता के कार्य से ही की थी। नोटिफाइडड एरिया काउंसिल की अध्यक्ष रहने के दौरान मैं प्रति दिन एक वार्ड से दूसरे वार्ड जाती थी। सफाई कार्य का निरीक्षण करती थी। इस दौरान अच्छे कामों को देखकर खुशी होती थी। पिछले 10 वर्षों में स्वच्छता अभियान देशव्यापी अभियान बन गया है। इससे देश में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है।

उन्होंने कहा- मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि मध्यप्रदेश के कई शहरों को सफाई मित्र सुरक्षित शहर घोषित किया गया है। 2025 तक चलने वाले स्वच्छता भारत मिशन के दूसरे चरण के दौरान हमें संपूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य पूरा करना है। राष्ट्रपति ने अपने संबोधन का अंत जय महाकाल के जयघोष के साथ किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने स्वच्छ भारत अभियान में देशभर में दूसरा स्थान पाया है। इंदौर सात बार से देशभर में सबसे स्वच्छ शहर बना हुआ है। सबसे स्वच्छ राजधानी का अवार्ड भी भोपाल को मिला है। यह हमारा गौरव है।

वहीं, राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा- उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे से आध्यात्मिक-सांस्कृतिक नगरी उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। यह हाइवे मध्यप्रदेश का पर्यटन, सामाजिक और धार्मिक विकास भी करेगा।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू ने पांच सफाई मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन हाईवे का वर्चुअल भूमि पूजन भी किया।

इससे पहले उज्जैन में डीआरपी लाइन हेलिपैड पर राष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मिनिस्टर इन वेटिंग उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा ने किया।

महाकाल मंदिर परिसर में श्रमदान करेंगी राष्ट्रपति

महाकाल लोक के नंदी द्वार पर राष्ट्रपति का स्वस्ति वाचन और शंख वादन से स्वागत होगा। इसके बाद वे गर्भगृह में जाकर दर्शन-पूजन करेंगी। फिर मंदिर परिसर में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े’ के तहत श्रमदान करेंगी। शिखर दर्शन कर कोटि तीर्थ पर फोटो सेशन होगा। महाकाल लोक देखने के बाद वे मूर्ति बना रहे शिल्पकारों से त्रिवेणी सभा-मंडपम में संवाद करेंगी।