V India News

Web News Channel

उज्जैन; 5 मार्च को राहुल गांधी करेंगे महाकाल के दर्शन; कार्तिक मेला ग्राउंड पर करेंगे जनसभा!

लोकसभा चुनाव को लेकर निकाली जा रही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को मध्य प्रदेश में पहुंचेगी। इस दौरान यात्रा मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन-सहित मध्य प्रदेश के अन्य जिलों को कवर करेगी। खास बात यह है कि उज्जैन में यात्रा के दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करने भी पहुंचेंगे। राहुल गांधी 5 मार्च को उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। पिछली बार भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी 29 नवंबर 2022 को राहुल गांधी ने बाबा महाकाल के दर्शन किये थे।

न्याय यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए मध्यप्रदेश के प्रभारी कुलदीप सिंह इंदौरा, यात्रा प्रभारी प्रियव्रत सिंह खींची, रवि जोशी, सज्जन सिंह वर्मा ने शहर अध्यक्ष रवि भदौरिया के साथ यात्रा के दौरान आमसभा स्थल का चयन किया। न्याय यात्रा का जायजा लेने 29 फरवरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी उज्जैन पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पांच मार्च को उज्जैन में प्रवेश करेगी। इस हेतु कांग्रेस कार्यालय में शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रवि भदौरिया अध्यक्षता में प्रदेश प्रभारियों की उपस्थिति में सोमवार को शहर एवं जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान भगवान महाकाल के दर्शन और आमसभा की रणनीति तैयार की गई। दर्शन पश्चात कार्तिक मेला ग्राउंड पर राहुल गांधी आमसभा को संबोधित करेंगे।

आमसभा के चयन हेतु शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, जिला अध्यक्ष कमल पटेल, कुलदीप सिंह इंदौरा, प्रियव्रत खींची, सज्जन सिंह वर्मा, विक्रांत भूरिया, रवि जोशी और ओम सिलावट के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दादा मनोहर बैरागी, अनन्त नारायण मीणा नेता प्रतिपक्ष, रवि राय, विधायक महेश परमार, दिनेश जैन बोस, माया राजेश त्रिवेदी, देवास शहर अध्यक्ष मनोज राजानी, अशोक भाटी, अशोक तिवारी, अजीत ठाकुर, विक्की यादव आदि ने कार्तिक मेला ग्राउंड पहुंचकर आमसभा स्थल का जायजा लिया। भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी का जायजा लेने 29 फरवरी को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी उज्जैन पहुंचेंगे यहां पर समिति के सदस्यों कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक लेंगे तथा यात्रा की रणनीति को अंतिम रूप देंगे।

दोनों यात्राओं में उज्जैन पहुंचने का संयोग
यह संयोग ही है कि पिछले वर्ष भारत जोड़ो यात्रा उज्जैन होकर निकली थी और अब भारत जोड़ो न्याय यात्रा के मार्ग में भी उज्जैन आ रहा है। कश्मीर से कन्याकुमारी निकली भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी को भगवान महाकालेश्वर के दर्शनों का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। पूर्व से पश्चिम निकल रही भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी राहुल जी फिर से भगवान श्री महाकालेश्वर का आशीर्वाद लेंगे। इन दोनों यात्राओं में मात्र 1 वर्ष के अंतराल में राहुल गांधी जी दूसरी बार उज्जैन पहुंच रहे हैं।