उज्जैन। त्योहारों के बीच शनिवार देर रात देवास रोड स्थित शहर के पुराने होटल श्रीगंगा में दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के वेस्टेज चैंबर (टैंक) की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में बचाव कार्य में जुटे तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, होटल के वेस्टेज चैंबर की सफाई के दौरान कर्मचारी अंदर उतरे थे। इसी दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कलेक्टर, एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। चैंबर के अंदर से शवों को बाहर निकालने में काफी परेशानी आई। इसके चलते टीन शेड को कटर से काटकर रास्ता बनाया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला जा सका। वहीं, हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
इन चार लोगों की हुई मौत
हादसे में सोहनलाल तंबोली और ताराचंद, दोनों निवासी वाल्मीकि नगर, मछली मार्केट के पास उज्जैन, वाहिद निवासी सोमवारिया उज्जैन तथा तेजमल मीणा निवासी ग्राम बुड मंडावर, जिला झालावाड़ (राजस्थान) की मौत हो गई। मृतकों में होटल के दो कर्मचारी और दो निजी सफाईकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं।
परिजनों ने होटल संचालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने होटल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा इंतजामों के बिना कर्मचारियों से चैंबर में उतरकर काम करवाया जा रहा था। परिजनों ने होटल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
मां के साथ महाकाल की भस्म आरती में पहुंचीं अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, नंदी के कान में कही मनोकामना
उज्जैन जिला कोर्ट परिसर में बुजुर्ग ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन, अस्पताल में भर्ती
नशे के कारोबारियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 10 साल से फरार 60 से अधिक आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम