दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में उज्जैन में भीम आर्मी और आर्य समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। टॉवर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने आयोजित धरने में प्रदर्शनकारियों ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
सुनील आस्ते के नेतृत्व में हुआ धरना
धरने का नेतृत्व भीम आर्मी और आर्य समाज पार्टी के संस्थापक सदस्य सुनील आस्ते ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि उज्जैन का यह आंदोलन छात्रों के समर्थन में है और उनकी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
मुआवजे और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा से जुड़े मामलों में आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर भी दिल्ली में चल रहे आंदोलन में शामिल हैं।
कैंडल मार्च और विशाल रैली की घोषणा
सुनील आस्ते ने बताया कि नीट परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में देर शाम कैंडल मार्च निकाला जाएगा, जिसमें छात्र, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि आंदोलन के अगले चरण के तहत 25 जुलाई को उज्जैन में एक विशाल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगा, जहां राष्ट्रपति और केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संविधान की प्रतियां लेकर किया प्रदर्शन
धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने ‘जय भीम’ और ‘शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए। कई कार्यकर्ता हाथों में भारतीय संविधान की प्रतियां लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

More Stories
मारपीट के आरोप में कार्रवाई न होने पर दिव्यांग दंपती ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
महाकाल की शरण में पहुंचीं अभिनेत्री रूपाली गांगुली, भस्म आरती में लिया हिस्सा
उज्जैन में पुरानी रंजिश ने ली दो सगे भाइयों की जान, मुख्य आरोपी शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार