रतलाम। जिले के बड़ी सरवन क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक ने दलालों के माध्यम से 3.12 लाख रुपये देकर उत्तर प्रदेश की युवती से विवाह किया, लेकिन शादी के करीब एक महीने बाद दुल्हन के नकदी और जेवर लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि वारदात से पहले उसे पानी में नींद की गोली मिलाकर पिलाई गई थी। एसपी के निर्देश पर महिला और दो दलालों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
व्हाट्सएप पर दिखाई तस्वीरें, फिर यूपी बुलाकर कराई शादी
बड़ी सरवन निवासी 32 वर्षीय प्रितेश रेगा ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़-दो साल पहले उसकी पहचान जावरा के नांदवेल निवासी नंदू उर्फ नंदलाल से हुई थी। नंदू ने खुद को पश्चिम बंगाल निवासी विकास बोरी के साथ मैरिज ब्यूरो संचालक बताया और व्हाट्सएप पर कई युवतियों की तस्वीरें भेजीं।
तस्वीरों पर भरोसा नहीं होने पर दोनों उसे उत्तर प्रदेश के चंदौली ले गए, जहां चार युवतियां दिखाई गईं। इनमें से प्रितेश ने सुमन नाम की युवती को पसंद किया। आरोप है कि शादी कराने के एवज में उससे 3 लाख रुपये की मांग की गई और भरोसा दिलाया गया कि युवती हमेशा उसके साथ रहेगी।
ऑनलाइन दिए 3.12 लाख रुपये
पीड़ित के अनुसार, 4 मई 2025 को नंदू की मौजूदगी में दोनों की शादी हुई। शादी के लिए उसने अलग-अलग किस्तों में 90 हजार रुपये, 1.85 लाख रुपये और 37 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 3 लाख 12 हजार रुपये आरोपियों को दिए गए।
नींद की गोली पिलाकर हुई फरारी का आरोप
प्रितेश का आरोप है कि शादी के बाद सुमन करीब एक महीने तक उसके साथ रही और इस दौरान दोनों कई धार्मिक स्थलों पर भी घूमने गए। इसके बाद वह बार-बार अपने गांव जाने की बात करने लगी।
पीड़ित के मुताबिक, 6 जून 2025 की रात सुमन ने पानी में नींद की गोली मिलाकर उसे पिला दी। जब उसकी आंख खुली तो पत्नी घर से गायब थी। बाहर निकलने पर एक बोलेरो वाहन जाता हुआ दिखाई दिया। आरोप है कि महिला घर से 30 हजार रुपये नकद और चांदी की पायजेब भी अपने साथ ले गई।
आधार कार्ड भी निकला संदिग्ध
घटना के बाद प्रितेश ने दुल्हन द्वारा दिए गए आधार कार्ड की जांच कराई। उसका आरोप है कि दस्तावेज फर्जी निकला और उस पर आशिया खान नाम सामने आया। उसने यह भी आरोप लगाया कि शादी के दौरान उसे युवती के घर नहीं ले जाया गया, बल्कि होटल में ही पूरी प्रक्रिया पूरी कर दुल्हन को उसके साथ भेज दिया गया।
एसपी के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मामला
पीड़ित का कहना है कि सरवन थाने में शिकायत देने के बावजूद शुरुआत में केवल गुमशुदगी दर्ज की गई और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक अमित कुमार से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर स्टेशन रोड थाने में शून्य पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में सरवन थाने स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस की जांच जारी
सरवन थाना पुलिस ने नंदू उर्फ नंदलाल (नांदवेल, रतलाम), सुमन (निवासी शिवपुर, मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश) और विकास बोरी (जिला बर्दवान, पश्चिम बंगाल) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। शादी के लिए जिन बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की गई, उनके खाताधारकों की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम को उत्तर प्रदेश भेजने की तैयारी की जा रही है।

More Stories
बच्चे के स्कूल बैग से निकला सांप, क्लासरूम में मचा हड़कंप, टीचर ने ऐसे किया रेस्क्यू!
रतलाम में दूषित पानी का कहर! कुएं का पानी पीकर 100 से ज्यादा बीमार, फुल हुआ अस्पताल!
अमृत भारत स्टेशन योजना: मध्य प्रदेश को मिली 13 आधुनिक रेलवे स्टेशनों की सौगात!