V India News

Web News Channel

उज्जैन में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश: दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार, सोने की चेन, चाकू और स्कूटी बरामद

उज्जैन। नीलगंगा थाना पुलिस ने सुभाष नगर में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भोपाल निवासी कुणाल कटारिया के साथ दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मोबाइल छीनने की कोशिश, विरोध पर लूटी चेन

पुलिस के अनुसार, घटना 14 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे सुभाष नगर क्षेत्र में हुई थी। फरियादी तुषार कृष्णानी अपने घर के बाहर परिवार के साथ टहल रहे थे। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया।

जब तुषार ने विरोध किया तो आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया, धक्का देकर जमीन पर गिराया और गले से सोने की चेन छीनकर स्कूटी से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर 15 जुलाई को नीलगंगा थाने में मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी और साइबर टीम की मदद से मिली सफलता

वारदात के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल व सर्विलांस टीम की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 जुलाई को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने इसी दिन सुभाष नगर की घटना से पहले शास्त्री नगर में अशोक धनवानी के गले से चेन और अलखधाम नगर में शुभम सेन का मोबाइल भी लूटा था। हालांकि, दोनों पीड़ितों ने भय के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही भोपाल सहित अन्य जिलों के पुलिस थानों से उनका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।