उज्जैन/बड़नगर। उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के काजीखेड़ी गांव में ग्रामीणों की सतर्कता ने बिजली की केबल चोरी करने आए एक गिरोह की साजिश को नाकाम कर दिया। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे गांव में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए। उन्होंने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दो संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उनका तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले करने से पहले उनसे पूछताछ की। घटना के दौरान बनाए गए वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इंदौर से आए थे आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद पिता चंद्र, निवासी सिंहासा (इंदौर) और भागीरथ पिता इंदु सिंह चौधरी (50 वर्ष), निवासी चंदन नगर (इंदौर) के रूप में हुई है। दोनों पर गांव में बिजली की केबल चोरी करने का आरोप है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी संगठित केबल चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं तथा क्षेत्र में पूर्व में हुई केबल चोरियों में उनकी भूमिका रही है या नहीं।
लगातार हो रही चोरियों से परेशान थे ग्रामीण
काजीखेड़ी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से बिजली की केबल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और कई गांवों में रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी। ऐसे में ग्रामीण पहले से सतर्क थे और इसी सतर्कता के चलते इस बार चोर रंगे हाथों पकड़े गए।
केबल पहनाकर निकाला जुलूस
आरोपियों को पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने उनके गले में कथित तौर पर चोरी की गई केबल डालकर पूरे गांव में पैदल घुमाया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
ग्रामीणों में राहत, चोरों को मिला कड़ा संदेश
घटना के बाद गांव में राहत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी एकजुटता और सतर्कता से केबल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।

More Stories
उज्जैन में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश: दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार, सोने की चेन, चाकू और स्कूटी बरामद
24 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल: दोस्त ही निकला लखन का हत्यारा!
भैरवगढ़ जेल में बर्थडे पार्टी का दूसरा मामला आया सामने, अधीक्षक का डांस बना चर्चा का विषय!