उज्जैन। नागदा क्षेत्र के जूना नागदा स्थित ईंट भट्टे के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती तौर पर अंधा कत्ल प्रतीत हो रहे इस मामले में मृतक का हत्यारा उसका करीबी दोस्त ही निकला। हत्या के पीछे मृतक की बहन से जुड़े प्रेम संबंध और उससे उपजा विवाद वजह बना।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई की शाम जूना नागदा में बाबू कबाड़ी के ईंट भट्टे के पास एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही नागदा थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि युवक की मौत सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए कई वार और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। जांच के दौरान मृतक की पहचान नई आबादी निवासी 23 वर्षीय लखन उर्फ लाला मालवीय के रूप में हुई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक प्रमाणों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह के आधार पर 20 वर्षीय देव चन्द्रवंशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
सीएसपी विक्रम अहिरवार के अनुसार, आरोपी देव चन्द्रवंशी और मृतक लखन आपस में अच्छे दोस्त थे। आरोपी का मृतक की बहन के साथ प्रेम संबंध था, जिसका लखन विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर देव ने ईंट उठाकर लखन के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
24 घंटे में खुला हत्या का राज
पुलिस का कहना है कि यह मामला शुरुआत में पूरी तरह अंधा कत्ल प्रतीत हो रहा था। हालांकि, घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और त्वरित जांच के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी देव चन्द्रवंशी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

More Stories
भैरवगढ़ जेल में बर्थडे पार्टी का दूसरा मामला आया सामने, अधीक्षक का डांस बना चर्चा का विषय!
उज्जैन तैयार: तीन रथों पर विराजेंगे भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा, भक्त खींचेंगे रथ
महाकाल मंदिर में AI से बना कथित फर्जी दर्शन पास पकड़ा गया, तीन युवक हिरासत में!