नरवर (शिवपुरी)। जिले की चर्चित यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नरवर क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव निवासी रचना गुर्जर का परिवार वारदात के समय मकान की पहली मंजिल पर सो रहा था। इसी दौरान बदमाश सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और सुरक्षा के लिए लगी तार-जाली काटकर अंदर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।
इसके बाद बदमाशों ने रचना गुर्जर के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी और नीचे बने कमरों में रखी अलमारियों एवं बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोर सोने की चेन, अंगूठियां, कंगन, चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सुबह करीब चार बजे रचना गुर्जर की नींद खुली तो उन्होंने पाया कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। परिजनों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। नीचे पहुंचने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। लॉकर में रखे कीमती आभूषण भी गायब थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड एवं फिंगरप्रिंट टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में एक फुटेज में दो संदिग्ध नकाबपोश युवक घर की ओर जाते दिखाई दिए हैं।
पुलिस का मानना है कि वारदात को पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि रचना गुर्जर सोशल मीडिया और यूट्यूब पर काफी लोकप्रिय हैं तथा उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। चर्चा यह भी है कि हाल ही में उन्होंने आभूषणों के साथ एक वीडियो साझा किया था। हालांकि पुलिस फिलहाल चोरी के पीछे सोशल मीडिया पोस्ट की भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है और सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।

More Stories
शहडोल की कोयला खदान में बड़ा हादसा, छत गिरने से 2 मजदूरों की मौत, 7 घायल!
जबलपुर में बंद मकान से महिला का शव बरामद, पति लापता होने से बढ़ा रहस्य!
भोपाल में युवक ने की आत्महत्या, मौत से पहले पत्नी को किया वीडियो कॉल!