इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से शोरूम में खड़े सभी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि समय रहते किए गए राहत एवं बचाव कार्य के चलते ऊपरी मंजिलों पर फंसे 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित खालसा चौक के पास सुबह करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम संचालित था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कई परिवार निवास करते हैं। आग लगने के बाद शोरूम से उठे घने धुएं ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे फ्लैटों में रह रहे लोगों की नींद खुली और वे बाहर निकलने का प्रयास करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग और धुएं के कारण मुख्य सीढ़ियां अवरुद्ध हो गई थीं, जिससे छह परिवारों के करीब 20 लोग भवन में फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के निवासी तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
पड़ोसी भवन के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाकर वैकल्पिक रास्ता तैयार किया। साथ ही रस्सियों की सहायता से भी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई लोग पड़ोसी इमारत की छत तक पहुंचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, जबकि कुछ को रस्सियों के सहारे नीचे उतारा गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने दो पानी के टैंकरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और आग फ्लैटों तक नहीं पहुंची, जिससे लोगों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। वहीं पुलिस भी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि जैसे ही भवन में धुआं भरना शुरू हुआ, तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और लोगों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू कर दिया। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

More Stories
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ओंकारेश्वर दौरा प्रस्तावित, 36 साल बाद बनेगा ऐतिहासिक रिकॉर्ड!
ग्वालियर में लापता आरक्षक का जंगल में मिला शव, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
रायसेन में भीषण सड़क हादसा: दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर, 5 की मौत, कई घायल!