उज्जैन। कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में उज्जैन निवासी मंजूर अहमद की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
भांजी की शादी में शामिल होने आने वाले थे उज्जैन
परिवार के अनुसार, 50 वर्षीय मंजूर अहमद पिछले करीब 30 वर्षों से कुवैत में रहकर टेलरिंग का काम कर रहे थे। वे 8 जून को अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए उज्जैन आने वाले थे। घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं और परिवार उनके स्वागत की तैयारियों में भी जुटा हुआ था।
लेकिन कुवैत में हुए हमले में उनकी मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। शादी की खुशियां देखते ही देखते शोक में बदल गईं।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए गए थे विदेश
मंजूर अहमद वर्षों पहले बेहतर रोजगार और परिवार के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से कुवैत गए थे। लंबे समय तक विदेश में मेहनत कर उन्होंने अपने परिवार का पालन-पोषण किया। परिजनों का कहना है कि अब उनकी इच्छा स्थायी रूप से उज्जैन लौटकर परिवार के साथ रहने की थी।
बेटे से कहा था- स्वागत की तैयारी करना
मंजूर अहमद के बेटे मोहम्मद अनस ने बताया कि पिता घर लौटने को लेकर बेहद उत्साहित थे। उन्होंने फोन पर परिवार से कहा था कि उनके स्वागत की तैयारी की जाए। परिवार उनके आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन इसके बजाय मौत की खबर पहुंच गई।
महाकाल कॉरिडोर विस्तार में टूटा था पुराना घर
परिजनों ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर विस्तार परियोजना के दौरान उनका पुराना मकान प्रभावित हुआ था। इसके बाद परिवार ने राज रॉयल कॉलोनी में नया घर लिया और वहीं रहकर जीवन यापन कर रहा था। मंजूर अहमद भी विदेश से लौटकर परिवार के साथ समय बिताने की योजना बना रहे थे।
शव को भारत लाने की प्रक्रिया जारी
परिवार को मिली जानकारी के अनुसार, कुवैत स्थित भारतीय दूतावास द्वारा पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शव को पहले अहमदाबाद लाए जाने की संभावना है। इसके बाद उज्जैन तक लाने की व्यवस्था को लेकर परिवार चिंतित है।
परिजनों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से सहायता की मांग की है ताकि पार्थिव शरीर को उज्जैन लाकर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया जा सके।
पूरे क्षेत्र में शोक
मंजूर अहमद की मौत की खबर फैलते ही राज रॉयल कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग और रिश्तेदार लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। जिस घर में शादी की रस्में चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा और गम का माहौल है।

More Stories
डबरी में डूबने से दो दोस्तों की मौत, चिरोला गांव में मातम!
उज्जैन में युवक ने स्वेच्छा से अपनाया सनातन धर्म, सलमान खान से बना शांतनु!
महाकाल भक्तों को ठगने वाले साइबर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, 11 फर्जी वेबसाइटें बंद!