V India News

Web News Channel

डबरी में डूबने से दो दोस्तों की मौत, चिरोला गांव में मातम!

भाटपचलाना (उज्जैन)। भाटपचलाना थाना क्षेत्र के चिरोला गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो जिगरी दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। बुधवार को गांव की एक गहरी डबरी से दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय अजय बैरागी और 20 वर्षीय कमल माली मंगलवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले उन्हें गांव में चल रहे नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में होने की संभावना जताई, लेकिन काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी गई।

पुलिस ने रातभर दोनों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव की डबरी के पास एक लावारिस बाइक, दो मोबाइल फोन और चप्पलें मिलने के बाद खोज अभियान तेज किया गया। सूचना पर पुलिस, गोताखोर और राहत दल मौके पर पहुंचे। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद डबरी से दोनों युवकों के शव निकाल लिए गए।

मोबाइल में मिली आखिरी तस्वीर

जांच के दौरान पुलिस को कमल के मोबाइल फोन में सुबह 9:17 बजे ली गई एक सेल्फी मिली। फोटो के पीछे वही डबरी दिखाई दे रही है, जहां बाद में दोनों के शव मिले। माना जा रहा है कि यह तस्वीर पानी में उतरने से ठीक पहले ली गई थी।

एक-दूसरे को बचाने की कोशिश की आशंका

घटनास्थल पर अजय की एक चप्पल कीचड़ में फंसी मिली, जबकि दूसरी कुछ दूरी पर पड़ी थी। प्रारंभिक अनुमान है कि एक युवक के डूबने पर दूसरा उसे बचाने के लिए पानी में उतरा होगा और दोनों हादसे का शिकार हो गए। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पहले भी ले चुकी है कई जानें

ग्रामीणों के अनुसार, चिरोला की यह डबरी लगभग 18 फीट गहरी है। सतह पर पानी सामान्य दिखाई देता है, लेकिन नीचे दलदल और फिसलन होने के कारण यह बेहद खतरनाक मानी जाती है। गांव में इसे “काल डबरी” के नाम से जाना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में यहां कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।

सुरक्षा इंतजाम की मांग तेज

ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से डबरी के चारों ओर फेंसिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। दो युवकों की मौत के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग फिर तेज हो गई है।

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।