इंदौर। मध्यप्रदेश वैश्विक निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है। 6 जून 2026 को इंदौर के होटल रेडिसन ब्लू में भारत-लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन (LAC) व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
15 देशों के राजनयिकों का होगा जमावड़ा
फोरम में लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के राजदूत, उच्चायुक्त, महावाणिज्यदूत और वरिष्ठ राजनयिक भाग लेंगे। इसके अलावा निवेशक, उद्योगपति, निर्यातक, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई प्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। आयोजन में 350 से अधिक प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है।
यह कार्यक्रम ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम (GIBF) द्वारा मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसमें देश के प्रमुख उद्योग एवं व्यापार संगठनों की भी भागीदारी रहेगी।
लैटिन अमेरिकी देशों के साथ बढ़ रहा व्यापार
मध्यप्रदेश का लैटिन अमेरिका और कैरिबियन देशों के साथ व्यापार लगातार मजबूत हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य से इस क्षेत्र को लगभग 4,186 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.6 प्रतिशत अधिक है।
निर्यात में फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की सबसे बड़ी हिस्सेदारी रही है। वहीं ब्राजील, मैक्सिको और चिली मध्यप्रदेश के प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों के रूप में उभरे हैं।
उद्योग और सेवा क्षेत्र पर विशेष फोकस
फोरम में निवेश और व्यापार विस्तार को लेकर विभिन्न क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा होगी। विनिर्माण क्षेत्र में फार्मा, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि सेवा क्षेत्र में आईटी, पर्यटन, फिनटेक और शिक्षा से जुड़े अवसरों पर मंथन होगा।
विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच होने वाली चर्चाओं से नए निवेश और साझेदारी के रास्ते खुलने की उम्मीद है।
निवेश को बढ़ावा देंगी B2B और B2G बैठकें
कार्यक्रम के दौरान बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकों का आयोजन भी किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से उद्योगों और सरकारी संस्थाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे संभावित निवेश परियोजनाओं और व्यापारिक समझौतों को गति मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री प्रस्तुत करेंगे राज्य का विजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश-अनुकूल नीतियों और वैश्विक आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे। इस अवसर पर ‘इंडिया-एलएसी स्पेशल एडिशन’ पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही राज्य की निवेश क्षमता और औद्योगिक संभावनाओं पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।
यह फोरम भारत और लैटिन अमेरिका-कैरिबियन देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने के साथ-साथ मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

More Stories
दुष्कर्म और शादी का झांसा देने के आरोप में डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार, युवती की शिकायत पर कार्रवाई!
पिता की डांट से आहत 17 वर्षीय छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत!
छह दिन से लापता युवक का पुलिया के नीचे मिला शव, स्कूटी पास में खड़ी मिलने से बढ़ा रहस्य!