उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक युवक द्वारा स्वेच्छा से सनातन धर्म अपनाने का मामला सामने आया है। धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई प्रक्रिया के बाद युवक को नया नाम ‘शांतनु’ दिया गया। कार्यक्रम शिप्रा तट स्थित मौनतीर्थ आश्रम में आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार, युवक पहले सलमान खान के नाम से जाना जाता था। धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले उसने जिला प्रशासन को आवेदन देकर बताया था कि वह बिना किसी दबाव, प्रलोभन या बाहरी प्रभाव के अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपना रहा है। आवेदन में निर्णय को पूरी तरह स्वैच्छिक बताया गया था।
रविवार को मौनतीर्थ आश्रम में संत डॉ. सुमनानंद गिरी महाराज के मार्गदर्शन में धार्मिक संस्कार संपन्न कराए गए। इस दौरान शिप्रा नदी में स्नान, प्रायश्चित कर्म, पंचगव्य ग्रहण और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद युवक को सनातन परंपरा के अनुसार कश्यप गोत्र प्रदान किया गया और उसका नया नाम शांतनु रखा गया।
शांतनु ने बताया कि उनकी रुचि लंबे समय से सनातन धर्म की परंपराओं, संस्कृति और आध्यात्मिक विचारों में रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन्होंने गहन विचार के बाद स्वयं लिया है। हालांकि परिवार का पूरा समर्थन नहीं मिला, लेकिन कुछ मित्रों और परिचितों ने उनका साथ दिया।
पेशे से कारीगर शांतनु ने कहा कि वे अपने कार्य और परिश्रम के माध्यम से आगे का जीवन सम्मानपूर्वक व्यतीत करना चाहते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में इस विषय को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

More Stories
महाकाल भक्तों को ठगने वाले साइबर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, 11 फर्जी वेबसाइटें बंद!
दिल्ली के कपल ने उज्जैन के मंदिर परिसर में की सगाई…मंदिर कमेटी करेगी कार्रवाई!
संत प्रेमानंद महाराज की तबियत नासाज, स्वास्थ्य लाभ के लिए उज्जैन में महामृत्युंजय जाप!