V India News

Web News Channel

पिता की डांट से आहत 17 वर्षीय छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत!

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गुनगा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 17 वर्षीय एक छात्रा ने पिता की डांट से नाराज होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका खुशी कुशवाहा क्षेत्र के रतुआ गांव की रहने वाली थी। वह पढ़ाई में मेधावी छात्रा थी और हाल ही में 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुई थी। आगे की पढ़ाई के लिए वह कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी।

परिजनों ने बताया कि शनिवार रात खुशी काफी देर तक मोबाइल फोन चला रही थी। इसी बात को लेकर उसके पिता ने उसे डांट दिया। इससे नाराज होकर वह घर के बाथरूम में चली गई और वहां रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।

कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां होने लगीं। पूछने पर उसने परिजनों को जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद रविवार तड़के उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।