भोपाल। रायसेन जिले के सतलापुर से छह दिन पहले लापता हुए एक युवक का शव भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव बायपास किनारे रापड़िया गांव के पास एक पुलिया के नीचे बरामद हुआ, जबकि उसकी स्कूटी घटनास्थल के पास खड़ी मिली। इस घटनाक्रम ने मौत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सतलापुर निवासी राजेश राय 24 मई की शाम घर से यह कहकर निकले थे कि वे समरधा क्षेत्र में डिलीवरी का काम करने जा रहे हैं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सतलापुर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
गुरुवार को रापड़िया गांव के पास बायपास किनारे पुलिया के नीचे नाले के पास एक शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। शव से दुर्गंध आने के बाद मौके पर पहुंची कटारा हिल्स थाना पुलिस ने उसे बाहर निकलवाया। जांच में शव की पहचान लापता युवक राजेश राय के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक शव करीब पांच से छह दिन पुराना था और काफी हद तक सड़ चुका था। प्रारंभिक पोस्टमार्टम जांच में शरीर पर कुछ चोटों के निशान मिले हैं, हालांकि पुलिस फिलहाल इन्हें सामान्य मान रही है। अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जांच कर रही पुलिस का कहना है कि यह भी संभव है कि युवक किसी कारणवश पुलिया के पास गिर गया हो और समय पर सहायता न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई हो। हालांकि कई परिस्थितियां मामले को रहस्यमय बना रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह दुर्घटना थी तो शव पुलिया के नीचे कैसे पहुंचा और उसकी स्कूटी घटनास्थल के पास सुरक्षित हालत में क्यों खड़ी मिली।
कटारा हिल्स थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फिलहाल युवक की मौत रहस्य और संदेह के घेरे में है तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

More Stories
आशुतोष राणा के नाटक के दौरान भड़की आग, बड़ा हादसा टला; सभी कलाकार और दर्शक सुरक्षित!
श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से गिरी, 6 की मौत; 35 से ज्यादा घायल, कई की हालत गंभीर!
छतरपुर में साधु बनने की चाह में व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, हालत गंभीर!