V India News

Web News Channel

भोजशाला मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सीएम का ऐलान, महाकाल जैसा बनेगा भव्य भोजशाला कोरिडोर…

धार। मोहन यादव सोमवार को धार स्थित भोजशाला मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। मोहन यादव प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने भोजशाला पहुंचकर पूजा की।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि अदालत ने “दूध का दूध और पानी का पानी” कर दिया है और भोजशाला मां सरस्वती का पवित्र मंदिर है। उन्होंने कहा कि यहां पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।

लंदन से मां वाग्देवी की प्रतिमा लाने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां वाग्देवी की प्राचीन प्रतिमा वर्तमान में लंदन के म्यूज़ियम में रखी हुई है और उनकी सरकार उसे वापस भारत लाने के लिए प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रतिमा को देश वापस लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मां वाग्देवी की प्रतिमा हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। हम उसे वापस लाकर सम्मानपूर्वक स्थापित करेंगे।”

सनातन संस्कृति का प्रतीक बताया भोजशाला

भोजशाला में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि यह स्थान सनातन संस्कृति के स्वाभिमान और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने मां वाग्देवी से मध्य प्रदेश की खुशहाली और विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

भोजशाला में बनेगा भव्य कॉरिडोर

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोजशाला परिसर के विकास को लेकर बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक की तर्ज पर धार की भोजशाला में भी भव्य कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में धार्मिक स्थलों के विकास के तहत 11 स्थानों पर बड़े कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं और भोजशाला भी इस योजना में शामिल है।

ट्विशा शर्मा मामले पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने ट्विशा शर्मा मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की सीबीआई जांच के लिए भी केंद्र को पत्र भेजा गया है और सरकार चाहती है कि पीड़ित परिवार को पूरी तरह न्याय मिले।

उन्होंने कहा, “सरकार की प्राथमिकता है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”