V India News

Web News Channel

MP के अस्पताल में मानवता शर्मसार, फर्श पर तड़पती रही गर्भवती महिला, नहीं मिला बेड

भोपाल। मध्य प्रदेश की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रभाव वाले क्षेत्र भैरूंदा से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय मामला सामने आया है, जहां प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को अस्पताल में बेड तक उपलब्ध नहीं कराया गया। मजबूरन महिला को अस्पताल के फर्श पर लेटना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम खरसानिया निवासी नीरज अपनी पत्नी टीना को प्रसव के लिए भैरूंदा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने गंभीर स्थिति के बावजूद महिला को तत्काल बेड उपलब्ध नहीं कराया। दर्द बढ़ने पर महिला अस्पताल के ठंडे फर्श पर ही तड़पती रही।

वायरल वीडियो में अस्पताल की अव्यवस्था साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में ड्यूटी रूम और अस्पताल परिसर से डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ नदारद नजर आ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि काफी देर तक कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में महिला की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल सीहोर रेफर कर दिया गया।

घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी है। नगर बचाओ आंदोलन के तहत नागरिकों ने एसडीएम और सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।